‘अध्यक्ष राज’ में घिरी नपा! कांग्रेस ने खोली अव्यवस्थाओं की पोल
पानी, सफाई, सडक़, सीवरेज और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर नगर पालिका को घेरा, प्रशासन पर भी लगाए पक्षपात के आरोप
खबरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर
नगर पालिका परिषद में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने शनिवार को महाराजा होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। नेता प्रतिपक्ष अजीज मंसूरी ने दावा किया कि नगर पालिका में अध्यक्ष की मनमानी हावी है और उनकी अनुमति के बिना कोई कार्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामियों की जिम्मेदारी अध्यक्ष कर्मचारियों पर डाल रहे हैं। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पत्रकारों को नगर पालिका परिषद की बैठकों में प्रवेश नहीं दिया जाता, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। वार्डों में लगाए गए पार्षदों के नाम वाले बोर्डों को भी उन्होंने भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया।
प्रेसवार्ता में लगाए यह आरोप
- कांग्रेस नेताओं ने शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं और सडक़ों पर गंदा पानी बह रहा है। आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी नगर पालिका को घेरा गया। उनका कहना था कि इस समस्या के समाधान के नाम पर खर्च की गई राशि का कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं देता।
- ट्रेचिंग ग्राउंड से उठने वाले धुएं और बदबू को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। नेताओं का कहना था कि वार्ड क्रमांक 8, 9 और 10 के रहवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कचरा प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
- पीने के पानी की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर पालिका नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में विफल रही है। साथ ही नर्मदा परियोजना का पानी अब तक शहर तक नहीं पहुंचने पर भी सवाल उठाए गए।
- सडक़ और नाली निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए। नेताओं ने कहा कि बिना दीर्घकालिक योजना के बार-बार सडक़ें बनाई और तोड़ी जा रही हैं। कई स्थानों पर सडक़ें उखड़ रही हैं और नई बनी नालियां क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी हो रही है।
- सीवरेज लाइन के अधूरे कार्यों को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कई क्षेत्रों में खुदाई के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर दिनभर लाइटें जलती रहती हैं, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में नई स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्णय भी अध्यक्ष की मंजूरी पर निर्भर हैं।

कोई आवाज उठाए तो दर्ज कर रहे प्रकरण
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह ने नगर पालिका में बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने जिला प्रशासन पर भी पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस के संवैधानिक आंदोलनों पर कार्रवाई की जाती है, जबकि सत्तारूढ़ दल और उससे जुड़े संगठनों के मामलों में प्रशासन उदासीन रहता है। प्रेस वार्ता के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शकील वारसी ने आभार व्यक्त किया।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप सिंह, नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अजीज मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, शाजापुर ब्लॉक अध्यक्ष शकील वारसी, शोएब मेव, सम्मी उल्ला काजी, लाली असफाक पटेल, सलमान शेख, नीरज वैष्णव, सत्या वात्रे, रईस पठान, सौरभ गवली, राजेश पारछे, मूसा आजम खान, धर्मेंद्र प्रजापति, सनी दुबे आदि के साथ पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रवक्ता राजेश सिसनोरिया द्वारा दी गई
