बिजली कंपनी में अंधेरगर्दी, ऐसे हैं हालात
बार-बार जल रही केबलें, घर में आग लगने का वीडियो आया सामने; शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को कार्यालय मिला खाली
ख़बरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर
मध्य प्रदेश सरकार के प्रशासनिक अनुशासन और जनसुनवाई संबंधी निर्देशों के बावजूद शाजापुर जिले के सलसलाई विद्युत वितरण केंद्र की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही और अव्यवस्थाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लगातार केबल और बिजली तारों में फॉल्ट की घटनाओं के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में बिजली के तारों और केबलों में बार-बार शॉर्ट सर्किट एवं तकनीकी खराबी की समस्या सामने आ रही है। हाल ही में एक केबल में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में आग लगने की घटना भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना के बाद लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गए हैं।
समस्या से परेशान ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने सलसलाई विद्युत वितरण केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां कार्यालय में कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र पर कर्मचारियों की उपस्थिति नियमित नहीं रहती और आम लोगों की शिकायतों के समाधान को गंभीरता से नहीं लिया जाता।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद बिजली लाइनों और केबलों की स्थिति में सुधार नहीं किया गया। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने और क्षेत्र में बिजली नेटवर्क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी कार्यालयों में समय पर उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सलसलाई विद्युत वितरण केंद्र में इन निर्देशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है।
जांच कर कार्रवाई करेंगे : कार्यपालन यंत्री
मामले में कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर झा ने फोन पर बताया कि संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या कमी पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुधार की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की संभावना को रोका जा सके।
