24 घंटे में सुलझी 11 लाख की चोरी की गुत्थी

दाल से भरा ट्रक ले उड़े बदमाश, पुलिस ने दबोचे दो आरोपी, 6.6 टन चने की दाल समेत पूरा ट्रक बरामद, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

24 घंटे में सुलझी 11 लाख की चोरी की गुत्थी
पुलिस गिरफ्त में चोरी करने वाला एक आरोपी और उसे बरामद दाल

ख़बरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर

शुजालपुर में हनुमानगढ़ी मंदिर के पास खड़ा दाल से भरा ट्रक जब रातों-रात गायब हुआ तो मालिक और चालक के होश उड़ गए। लाखों रुपए कीमत के ट्रक और उसमें भरी 6.6 टन चने की दाल की चोरी ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। लेकिन शुजालपुर सिटी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश कर न केवल ट्रक बरामद कर लिया, बल्कि दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार डाबरीपुरा निवासी निखिल सोनी ने 9 जून को थाना शुजालपुर सिटी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मालिक भावसिंह मेवाड़ा का ट्रक क्रमांक एमपी 37 जीए 1631, जो हनुमानगढ़ी मंदिर के पास खड़ा था, अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए हैं। ट्रक में करीब 6.6 टन चने की दाल लदी हुई थी। ट्रक और माल सहित कुल कीमत 11 लाख 74 हजार 630 रुपए आंकी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार की गई पतारसी और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ग्राम बोलाई निवासी राजेश उर्फ राज मेवाड़ा (21) तथा रायकनपुरा शुजालपुर निवासी अविनाश मालवीय (27) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया ट्रक और उसमें रखी पूरी 6.6 टन चने की दाल बरामद कर ली। बरामद मशरूका की कुल कीमत 11 लाख 74 हजार 630 रुपए बताई गई है।

हालांकि इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस जुगल बागरी निवासी रायपुर रोड शुजालपुर सिटी तथा लखन भिलाला निवासी ग्राम बोलाई की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक सहित योगेन्द्रसिंह गुर्जर, राजेन्द्र उपाध्याय, योगेन्द्रसिंह, रामबाबू सिसोदिया, रामेश्वर दांगी, रवि रघुवंशी तथा साइबर सेल के घनश्याम राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की फुर्ती से बचा लाखों का नुकसान

चोरी के महज 24 घंटे के भीतर ट्रक और पूरा माल बरामद होना शुजालपुर सिटी पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। समय रहते कार्रवाई होने से लाखों रुपए का नुकसान बच गया और फरियादी को राहत मिली।