बिजली मंत्री इस्तीफा दें: कुणाल चौधरी

सुरतीपुरा हादसे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी का सरकार पर हमला, कहा- परमिट के बावजूद बिजली चालू हुई तो मौत का जिम्मेदार कौन; परिवार को 1 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग

बिजली मंत्री इस्तीफा दें: कुणाल चौधरी
कुणाल चौधरी

ख़बरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर

कालापीपल तहसील के ग्राम सुरतीपुरा में डीपी बदलने के दौरान हेल्पर महेश मीणा की करंट लगने से हुई मौत के मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस घटना को विभागीय लापरवाही का नतीजा बताते हुए बिजली मंत्री से इस्तीफे की मांग की है।

कुणाल चौधरी ने कहा कि जिस डीपी को बदलने के लिए विभागीय आदेश और परमिट जारी था, उसके बावजूद कार्य के दौरान बिजली सप्लाई चालू होना बेहद गंभीर मामला है। यदि सभी औपचारिकताएं पूरी थीं तो फिर बिजली चालू कैसे हुई और महेश मीणा की मौत का जिम्मेदार कौन है, इसका जवाब सरकार और बिजली विभाग को देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महेश मीणा अल्प वेतन पर काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार पर संकट खड़ा हो गया है। चौधरी ने मांग की कि मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सुरतीपुरा की घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।