लखुंदर नदी में समा गया युवक, 12 घंटे चला सर्च ऑपरेशन
भोईवाड़ा निवासी उमराव सिंह केवट शुक्रवार सुबह मछली पकड़ने लखुंदर नदी गए था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। नदी किनारे साइकिल, कपड़े और चप्पल मिलने के बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 12 घंटे चले रेस्क्यू के बाद शनिवार को युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
नितिन परमार @ शाजापुर
लालघाटी थाना क्षेत्र के जादमी गांव के समीप स्थित लखुंदर नदी में लापता हुए युवक का शव शनिवार को करीब 12 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया। युवक शुक्रवार सुबह मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी।

जानकारी के अनुसार भोईवाड़ा निवासी उमराव सिंह केवट शुक्रवार सुबह मछली पकड़ने के लिए लखुंदर नदी पहुंचे थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान जादमी के पास नदी किनारे उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पल मिले, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई।

सूचना मिलने पर लालघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नदी किनारे जांच शुरू की। रात होने के कारण सर्च अभियान सीमित स्तर पर चलाया गया। शनिवार सुबह पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय प्रशासन की टीम ने दोबारा व्यापक तलाश अभियान शुरू किया।

लगातार करीब 12 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद नदी से उमराव सिंह का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
