सोमवारिया बाजार में युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला

मजदूरी मांगना पड़ा भारी!  काम के पैसे लेने पहुंचा था कर्मचारी, मामूली कहासुनी के बाद दुकानदार ने किया हमला; जिला अस्पताल में उपचार जारी

सोमवारिया बाजार में युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला
सोमवारिया बाजार में युवक पर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला।

खबरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर

सोमवारिया बाजार में मंगलवार रात एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने मेहनताने के पैसे लेने दुकान पर पहुंचा था, जहां विवाद इतना बढ़ गया कि उस पर हमला कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुणाल सौराष्ट्रीय सोमवारिया बाजार स्थित एक दुकान पर काम करता था। लंबे समय से बकाया मेहनताना लेने के लिए वह दुकान संचालक के पास पहुंचा था। बताया जाता है कि दुकान संचालक ने उसे मंगलवार को दुकान पर आने के लिए कहा था। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे जब कुणाल पैसे लेने पहुंचा, तब दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दुकान संचालक ने धारदार हथियार से युवक पर हमला कर दिया। घटना होते ही बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय शाजापुर पहुंचाया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घटना के कारणों और हमले की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।