विहिप के अभ्यास वर्ग में सीखा संगठन का मंत्र

तीन दिवसीय प्रशिक्षण में धर्म रक्षा, संगठन विस्तार और सामाजिक दायित्वों पर हुआ मंथन, रामभक्तों का भी सम्मान

विहिप के अभ्यास वर्ग में सीखा संगठन का मंत्र
कार्यक्रम में राम भक्तों का सम्मान किया गयाQ

ख़बरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर

विश्व हिन्दू परिषद के तीन दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग का मंगलवार को मनोरमा गार्डन में भव्य समापन हुआ। 15 से 17 जून तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने संगठन, सेवा, धर्म रक्षा और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन सत्र में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

समापन सत्र की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। मुख्य वक्ता मालवा प्रांत विमर्श प्रमुख मुकेश मोलवा ने कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, संस्कार और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विहिप प्रांत उपाध्यक्ष महेश गोठी, दुर्गा वाहिनी प्रांत सह संयोजिका प्रीति जादम, विभाग मंत्री राजेश जादम, जिला अध्यक्ष शिवाजी सोनी और जिला मंत्री महेश प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

वर्ग में जिले के आठों प्रखंडों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण में मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की सहभागिता भी रही। विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक कार्यप्रणाली, सामाजिक समरसता, सेवा गतिविधियों और सांस्कृतिक जागरण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

रामभक्तों का किया सम्मान

समापन कार्यक्रम से पहले जिला कार्यकारिणी ने धर्म रक्षा निधि और अन्य संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने वाले रामभक्तों का सम्मान किया। उन्हें प्रभु श्रीराम की प्रतिमा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अजय गोठी ने बताया कि अभ्यास वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना था, ताकि वे समाज के बीच अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।