नेशनल हाईवे पर कार और लोडिंग ऑटो में भिड़ंत, दो घायल

खाद सामग्री लेकर गांव लौट रहे थे ऑटो सवार, पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया; हादसे के कारणों की जांच शुरू

नेशनल हाईवे पर कार और लोडिंग ऑटो में भिड़ंत, दो घायल

ख़बरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर

नेशनल हाईवे-52 स्थित नैनावद घाटी पर बुधवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार और लोडिंग ऑटो रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में ऑटो रिक्शा में सवार दो लोग घायल हो गए।

घायलों की पहचान दिनेश पिता गिरधारीलाल और अर्जुन उम्मट, निवासी ग्राम गोलवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों अपने लोडिंग ऑटो रिक्शा में खाद संबंधी सामग्री लेकर आगर जिले के कानड़ क्षेत्र से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नैनावद घाटी के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी भिड़ंत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही नैनावद पुलिस चौकी का दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेजा। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी। हादसे में अर्टिगा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लोडिंग ऑटो रिक्शा को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

नैनावद पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन चालकों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।