मोहर्रम से पहले वार्ड क्रमांक 10 में टूटी नाली की जाली बनी हादसे का कारण
शाजापुर। शहर के वार्ड क्रमांक 10 में लंबे समय से नाली की जाली टूटी हुई पड़ी है, जिससे क्षेत्र के रहवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पालिका को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया है।
रहवासियों के अनुसार आगामी मोहर्रम पर्व के दौरान नाल साहब की सवारी इसी मार्ग से निकलेगी। ऐसे में टूटी हुई नाली की जाली और क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोहर्रम से पहले टूटी हुई नाली की जाली का तत्काल सुधार कार्य कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
