खेत मालिक ने तोड़ा चबूतरा, ग्रामीणों में आक्रोश

ग्राम आबादी क्षेत्र की भूमि पर बने चबूतरे को जेसीबी से हटाने का आरोप, जांच के बाद कार्रवाई की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

खेत मालिक ने तोड़ा चबूतरा, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्राम मोदीपुर में यह चबूतरा जेसीबी से तोड़ दिया गया।

खबरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर

शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के मोदीपुर गांव में ग्राम आबादी क्षेत्र की भूमि पर बने एक चबूतरे को जेसीबी मशीन से हटाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन को शिकायत आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार संबंधित स्थान ग्राम आबादी क्षेत्र में स्थित है, जहां पूर्व में ग्राम पंचायत की अनुमति से चबूतरे का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि समीप स्थित एक खेत मालिक द्वारा बिना प्रशासनिक अनुमति के जेसीबी मशीन से चबूतरे को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

ग्रामीण बाबूलाल, दरियाव सिंह, एलमसिंह, हेमराज, ओमप्रकाश, महेश, कन्हैयालाल सहित अन्य लोगों ने प्रशासन को दिए आवेदन में बताया कि इससे पहले भी उक्त स्थान को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। उनका कहना है कि पूर्व में भी संबंधित मामले की शिकायत की गई थी, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण विवाद दोबारा सामने आया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) गुलाना को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि विवादित स्थल की स्थिति स्पष्ट कराते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।