Har Ghar Tiranga : शाजापुर में एक जाजम पर मुस्लिम समुदाय, हाथ में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम’ 

आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान में शुक्रवार को शाजापुर का मुस्लिम समुदाय एक जाजम पर नजर आया। जामा मस्जिद से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर में निकली तो जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत सत्कार हुआ। 

Har Ghar Tiranga : शाजापुर में एक जाजम पर मुस्लिम समुदाय, हाथ में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम’ 

तिरंगे के रंग में रंगा शहर 

खबरीराम 24 डॉट कॉम @ SHAJAPUR (MP)

शुक्रवार का दिन शहर में देशभक्ति के नाम रहा। इस दिन भी शहर में तिरंगा यात्राओं का दौर चला। मुस्लिम समुदाय की ओर से नमाज के बाद शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिससे पूरा शहर राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों में रंग गया। जिसका शहरवासियों ने भी जोर-शोर से स्वागत किया।

नमाज के बाद सभी समाजजन आजाद चौक में एकत्रित हुए, जहां से सभी लोग हाथों में तिरंगा थामे तिरंगा रैली में शामिल हुए। उनके हाथों में तिरंगा था तो जुबां पर भारत माता की जय के नारे। जहां से भी तिरंगा यात्रा निकली सभी ने फूलों की वर्षा कर इनका स्वागत किया। शाही जामा मस्जिद से 2.30 बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा मीरकला बाजार होते हुए छोटा चौक, बजाज खाना, सोमवारिया बाजार, मगरिया, काछीवाड़ा, अस्पताल तिराहा, बस स्टैंड से नई सडक़ होती हुई आजाद चौक पहुंची, जहां सभी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारे लगाए। 

इस अवसर पर काजी एहसान उल्ला, मोहर्रम कमेटी सदर इमरान खरखरे, अफजल आलिम साहब, शेख शमीम शम्मू भाई, मिर्जा सलीम बेग, पत्रकार हाजी नईम कुरैशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इरशाद खान, फय्याज खान, शफीक खान सहित बड़ी संख्या में समाज के उलेमा, आलिम, हाफिज सहित हजारों समाजजन शामिल हुए।

फूलों से सजा शहर

मुस्लिम समाज द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा का जगह-जगह विभिन्न संगठनों द्वारा इस तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जिससे पूरे शहर की सडक़ें देशभक्तों के सम्मान में फूलों से पट गई। तो कई जगह तिरंगा यात्रा के दौरान जाम की भी स्थिति बनी और लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से इस तिरंगा यात्रा को निहारा ओैर देशभक्ति की भावना को आदर दिया। एक अनुमान के मुताबिक करीब  तीन हजार लोग तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।