वॉटर पार्क में गोता लगाने से घायल हुए युवक की मौत
इलाज के दौरान युवक ने इंदौर में तोड़ा दम, मौत के बाद परिजन पहुंचे पार्क
खबरीराम 24 डॉट काम @ शाजापुर
जिले से करीब 15 किलोमीटर दूर पनवाड़ी स्थित ड्रीम फन वैली वॉटर पार्क में एक युवक की गोता लगाने के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को उसके दोस्तों ने पहले जिला अस्पताल पहुंचाया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया था। शुक्रवार को इंदौर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक सुनील भिलाला ग्राम भेसवा का निवासी था। बुधवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ ड्रीम फन वैली वॉटर पार्क घूमने और नहाने गया था। इसी दौरान गोता लगाते समय वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल उसे शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया था।
शुक्रवार को युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन शव लेकर वॉटर पार्क पहुंचे। मामले की जानकारी मिलते ही सुनेरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद परिजन युवक का शव लेकर घर लौट गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और वॉटर पार्क में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
