मछली पकड़ने गया युवक लापता, नदी किनारे मिले कपड़े और साइकिल
लखुंदर नदी किनारे मिला युवक का सामान, घर नहीं लौटने पर मचा हड़कंप, मछली पकड़ने निकला था केवट समाज का युवक, पुलिस ने शुरू की खोजबीन
नितिन परमार, शाजापुर
लालघाटी थाना क्षेत्र के जादमी गांव के समीप स्थित लखुंदर नदी से एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक सुबह मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे उसका सामान मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार भोईवाड़ा निवासी उमराव सिंह केवट शुक्रवार सुबह अपने दैनिक कार्य के तहत मछली पकड़ने के लिए लखुंदर नदी की ओर गए थे। जब देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो उठे और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
परिजनों को जादमी के पास नदी किनारे उमराव सिंह की साइकिल, चप्पल और कपड़े मिले। इसके बाद तत्काल लालघाटी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल शुरू की गई।

घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रात होने के कारण नदी में सर्च ऑपरेशन सीमित रहा। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह गोताखोरों की सहायता से नदी में व्यापक तलाश अभियान चलाया जाएगा।
फिलहाल लालघाटी पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के लापता होने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
