सड़क हादसों में जीवन बचाने का मंत्र: ग्रामीणों को दिया सीपीआर प्रशिक्षण
डीआईजी नवनीत भसीन सहित पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राहवीर योजना और मुफ्त उपचार की जानकारी दी
ख़बरीराम 24 डॉट कॉम @ शाजापुर
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर मदद कर उनकी जान बचाने के उद्देश्य से थाना सुनेरा क्षेत्र के ग्राम पनवाड़ी स्थित एबी रोड के ब्लैक स्पॉट कट पॉइंट पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उज्जैन रेंज के डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्रा, रक्षित निरीक्षक वंदना सिंह, यातायात प्रभारी सौरभ शुक्ला एवं थाना प्रभारी सुनेरा अंकित मुकाती सहित पुलिस विभाग और जिला अस्पताल शाजापुर की चिकित्सक टीम मौजूद रही।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का प्रशिक्षण देकर बताया गया कि दुर्घटना या आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार और सीपीआर के माध्यम से किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। चिकित्सकों ने सीपीआर की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न सड़क सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए राहवीर योजना के बारे में जागरूक किया। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता कर उसे समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को शासन द्वारा 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं अन्य प्रावधानों के तहत प्रारंभिक उपचार के लिए 1.50 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करने से न घबराएं, क्योंकि समय पर सहायता किसी की जिंदगी बचा सकती है।
