बच्ची के स्कूल बैग के लिए घंटों काम पर लगी रही पुलिस
बच्ची के स्कूल बैग के लिए घंटों काम पर लगी रही पुलिस
शाजापुर। एक बच्ची की मासूम सी मनुहार ने पुलिस को घंटों काम पर लगाए रखा। जब पुलिस उस बच्ची का काम करने में सफल हुई तब उन्हें सुकून मिला। इसके बाद बच्ची ने भी पुलिस को थैंक्स कहकर उनका आभार व्यक्त किया।
दरअसल शुक्रवार को शुजालपुर में कक्षा 3 मंे पढ़ने वाली चेरी नायक अपनी कोचिंग से वापस आते समय सवारी ऑटो में बैठी और घर पहुंची। जहां पता चला कि उसका स्कूल बैग आटो में ही छूट गया। इस पर वह पुलिस के पास रोते हुए पहुंची और कहने लगी कि मैं होमवर्क कैसे करूंगी। क्योंकि उसका स्कूल बैग गुम हो गया है। नन्ही छात्रा के आंसू और स्कूल की नोट बुक्स, बाटल के लिए उसका लगाव देखकर शुजालपुर पुलिस ने बच्ची से पूरी विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद कई घंटे तक सैकड़ों कैमरे के फुटेज देखती रही। पुलिस ने चौकी से चौराहे तक के सभी फुटेज देखे। कुछ देर बाद बच्ची और परिजनों को सवारी आटो में बैठते हुए सीसीटीवी कैमरा फुटेज मिला। जिसके आधार पर पुलिस ने ऑटो को ढूंढ निकाला और स्कूल बैग जब्त कर बच्ची को एसडीओपी कार्यालय बुलाकर सौंपा। छात्रा ने बताया उसका बैग गुम होने से वह टेंशन में थी कि अब होमवर्क कैसे करेगी, सब वर्कबुक भी बेग में थी। पुलिस अंकल को बताया और उन्होंने बेग लाकर दिया। मासूम चैरी ने अंत में कहा पुलिस अंकल को थैंक्स। इस पर यातायात पुलिस ने बच्ची के कंधों पर बेग टांगकर उसे घर रवाना किया। परिवार के आग्रह पर पुलिस ने ऑटो चालक को भी समझाइश देकर छोड़ दिया।
