प्रदेश का हर वर्ग परेशान, मुख्यमंत्री है जिम्मेदार
शाजापुर। मप्र के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव शुक्रवार दोपहर शाजापुर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष जयंत सिकरवार के निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। किसान, युवा, व्यापारी और कर्मचारी सभी सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। उन्होंने इंदौर में दूषित जल आपूर्ति से हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार जिम्मेदारी लेने से बच रही है। सहकारी सहकारी समितियों के चुनाव को लेकर अरुण यादव ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है ताकि अपने लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
