सनसनी खेज खुलासा राजेश मालवीय की गला दबाकर की थी हत्या

सनसनी खेज खुलासा राजेश मालवीय की गला दबाकर की थी हत्या

शाजापुर। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम रागबेल में लखुंदर नदी की पुलिया के नीचे मिले युवक के शव के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बुधवार को शाजापुर-दुपाड़ा मार्ग पर मिले राजेश मालवीय के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि उसकी मौत दुर्घटना से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या से हुई है। इस रिपोर्ट के बाद लालघाटी थाना पुलिस ने देर रात हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।

नियोजित हत्या की ओर इशारा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब राजेश का शव पुरानी पुलिया के नीचे खून से लथपथ मिला था, तब शरीर पर चोट के कई निशान थे। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन घटनास्थल की स्थिति ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या है। आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को वाहन के जरिए लाकर यहाँ फेंका गया।

 लालघाटी पुलिस अब मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अंतिम समय में संपर्क में रहे लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।