शाजापुर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमले में कई घायल
शाजापुर। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। गांव हनुमान मंदिर के समीप हुए इस विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें दोनों ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का जमकर प्रयोग किया गया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद की शुरुआत कहासुनी से हुई, लेकिन देखते ही देखते दोनों गुटों के लोग आमने-सामने आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से मामला और अधिक बिगड़ने से बच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग धाराओं में क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
