ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, बेरछा स्टेशन के पास मिला शव

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, बेरछा स्टेशन के पास मिला शव

शाजापुर। जिले के बेरछा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि युवक ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी जान चली गई।

मृतक की पहचान गोपाल सिंह पिता हिम्मत सिंह, निवासी दौलतपुर थाना सोनकच्छ के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बेरछा थाना पुलिस एवं रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शाजापुर भेजा गया। आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थाना प्रभारी भरत सिंह किरने के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक दो दिन पहले एक बारात में शामिल होने के लिए प्रयागराज (इलाहाबाद) गया था। लौटते समय ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।