जनसुनवाई में पीड़ित परिवार ने दी आत्महत्या की धमकी
शाजापुर। जिले के इमलीखेड़ा गांव का एक पीड़ित परिवार मंगलवार को जनसुनवाई में न्याय की गुहार लगाने कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। इस दौरान परिवार की एक महिला अपने साथ जहर की शीशी लेकर आई थी और मांगें पूरी न होने पर जान देने की धमकी दी, जिससे कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।
पीड़ित मानसिंह नायक (58) ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ उनका पुराना जमीन विवाद है। इस मामले में हाईकोर्ट ने मानसिंह के पक्ष में फैसला सुनाते हुए विपक्षियों की याचिका खारिज कर दी थी और कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। इसके बावजूद गांव के दबंगों ने जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। मानसिंह का आरोप है कि 2 फरवरी की शाम जब उन्होंने कोर्ट के आदेश का हवाला दिया तो आरोपी जितेंद्र सिंह ने उनके साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में मानसिंह के सीने में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से थाने ले जाना पड़ा। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर (क्रमांक 0068) तो दर्ज की है, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी अब उन्हें झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। जिसके चलते न्याय में देरी से हताश परिवार की महिला सदस्य ने मीडिया और अधिकारियों के सामने रोते हुए कहा कि अगर उन्हें सुरक्षा और अपनी जमीन वापस नहीं मिली तो उनके पास जान देने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।
