लुट की घटना का प्लान कर... पति की कराई हत्या..?
धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के गोंदीखेड़ा चारण में व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस वारदात को पहले लूट बताया जा रहा था, वह अब पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ी साजिश निकलकर सामने आई है, दरअसल सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात गोंदीखेड़ा चारण में मसाला व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित के घर हुई वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया था कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे, पति-पत्नी को बंधक बनाया, मारपीट की और लाखों के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस दौरान धारदार हथियार से वार कर व्यापारी की हत्या कर दी गई, जबकि पत्नी घायल मिली।
मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया। एसपी मयंक अवस्थी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद पूरा मामला पलट गया। सूत्रों के अनुसार मृतक की पत्नी प्रियंका का राजगढ़ निवासी कमलेश नामक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि कमलेश और प्रियंका एक ही समाज से हैं और दोनों के बीच नजदीकियां काफी समय से थीं। पुलिस को शक है कि इसी संबंध के चलते इस पूरे हत्याकांड की साजिश रची गई। हत्या को लूट की वारदात दिखाने के लिए घर में सामान बिखेरा गया और नकदी-जेवरात चोरी होने की कहानी गढ़ी गई। पत्नी ने खुद को भी पीड़ित दिखाने के लिए झूठी कहानी सुनाई, लेकिन जांच में कई विरोधाभास सामने आने के बाद सच्चाई उजागर हो गई।
सूत्रों की मानें तो पुलिस ने मुख्य आरोपी कमलेश को हिरासत में ले लिया है, जबकि प्रियंका से राजोद थाने में लगातार पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन संभावना है कि आज इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.. !
